धर्मस्थल में तोड़फोड़ की घटना का विरोध
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के जोगी नवादा में दो पक्षों में तनातनी के बीच बारादरी थाना क्षेत्र में अराजक तत्वों ने एक धर्मस्थल को क्षतिग्रस्त कर माहौल को और भड़का दिया। हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारियों ने हंगामा किया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बारादरी इंस्पेक्टर ने लोगों को समझाकर धर्मस्थल का निर्माण शुरू करा दिया।
स्टेडियम रोड पर एकता नगर चौराहे के पास छोटा धर्मस्थल बना है। गौरव पाल और संजय शुक्ला ने बताया कि रविवार को वह अपनी बाइक की चाबी खोजते हुए वहां पहुंचे थे। रात 12 बजे के आसपास देखा कि धर्मस्थल के पास दूसरे समुदाय के कुछ लड़के हुड़दंग काट रहे थे। गौरव के मुताबिक उस समय उन्होंने इसे अनदेखा कर दिया।
सोमवार सुबह आसपास के लोगों से पता चला कि हुड़दंगी रात में धर्मस्थल तोड़कर फरार हो गए। सुबह इसकी भनक लगी तो मौके पर हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता इकट्ठे हो गए। भाजपा नेता अधीर सक्सेना, अमित भारद्वाज और अन्य लोग वहां पहुंचे तो भीड़ एकत्र हो गई। भीड़ ने नारेबाजी कर खुराफातियों को सख्त सजा देने की मांग की।
इंस्पेक्टर बारादरी अमित पांडेय ने धर्मस्थल का जीर्णोद्धार कराने और खुराफातियों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।