बरेली। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शनिवार से होगा। स्वच्छ और सुंदर लेखन के लिए एक अंक दिया जाएगा। 90 प्रतिशत या शून्य अंक प्राप्त करने वाले छात्र की कॉपी का दोबारा मू्ल्यांकन होगा।
बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों के 36 उप नियंत्रकों को शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज में प्रशिक्षण दिया गया। क्षेत्रीय सचिव डॉ. नीरज पांडे ने बताया कि इस बार कॉपियों की रैंडम चेकिंग भी की जाएगी। इसके लिए बंडल से 15 फीसदी कॉपियां निकाली जाएंगी। गलती मिलने पर अलग से अंक लिखे जाएंगे। जिले के चार केंद्रों पर शनिवार से 3,004 परीक्षक सुबह 10 से शाम चार बजे तक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे।
बोर्ड की ओर से सबसे अधिक कॉपियां जीजीआईसी को आवंटित की गई हैैं। राजकीय इंटर कॉलेज व एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट और सरस्वती विद्यालय में हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। मंगलवार शाम से ही ट्रकों के जरिये कॉपियां केंद्रों तक पहुंचाई जा रही हैं। मूल्यांकन कार्य 31 मार्च तक किया जाएगा।
अहम बिंदु
-उप प्रधान परीक्षक की ओर से 20 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा।
-परीक्षार्थी ने निर्धारित संख्या से अधिक प्रश्न हल किया है तो जिस सवाल पर अधिक अंक प्राप्त हो रहे हैं, उसे बनाए रखते हुए कम प्राप्तांक वाले सवालों को अतिरिक्त माना जाएगा। अतिरिक्त उत्तर पर निरस्त लिखकर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
- प्रश्न में किसी विशिष्ट विधि से हल करने का निर्देश न हो तो किसी भी विधि से किए गए शुद्ध हल पर पूरे अंक दिए जाएंगे।
-हल सही होने, लेकिन मात्रक (यूनिट) न लिखने या अशुद्ध लिखने पर आंशिक अंक काटे जाएंगे।
-विज्ञान, गणित या अन्य तकनीकी विषयों में परीक्षार्थी ने यदि किसी प्रश्न को हल करने में उसके स्टेप्स को सही लिखा है, लेकिन उत्तर गलत लिखा है तो भी उसे उत्तर के अनुरूप अपेक्षित अंक दिए जाएंगे।