बरेली। माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ की बरेली एंटीकरप्शन कोर्ट में पेशी शुक्रवार को टल गई। दरअसल, जेल से निकालने से पहले हुए मेडिकल परीक्षण में उसका रक्तचाप कम व धड़कन तेज पाई गई। अब 17 अप्रैल को उसकी पेशी होगी।
उमेश पाल हत्याकांड की साजिश में अशरफ का नाम आने के बाद यहां जेल में चल रही उसकी चौधराहट का खुलासा हुआ था। सात मार्च को अशरफ, उसके साले सद्दाम व गुर्गों के खिलाफ बिथरी थाने में दर्ज मुकदमे की जांच एसआईटी कर रही है। बरेली के भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट में इसी केस के सिलसिले में अशरफ की शुक्रवार को पेशी होनी थी।
सुबह दस बजे केंद्रीय कारागार-2 के अस्पताल में अशरफ का मेडिकल परीक्षण हुआ तो उसकी धड़कन तेज व रक्तचाप कम मिला। ऐसे में स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उसे कोर्ट नहीं ले जाया गया। अब 17 अप्रैल को पेशी होगी। चर्चा है कि डर की वजह से अशरफ का रक्तचाप कम हुआ है, हालांकि जेल सूत्रों का कहना है कि वह इन दिनों रोजे से है। सुबह से खाली पेट होने से ऐसा हुआ।
वकील बोले- कोर्ट में डालेंगे अर्जी
अशरफ के वकील विजय मिश्रा ने बताया कि डॉक्टरों की रिपोर्ट पुलिस ने कोर्ट में दाखिल कर दी है। सभी तरह की पेशी वीडियो कांफ्रेंसिंग से हो सकती हैं। उनके साथी सोमवार को बरेली के संबंधित कोर्ट में अर्जी दाखिल कर 17 अप्रैल की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये कराने का आग्रह करेंगे।
वर्जन
बिथरी थाने में दर्ज केस के सिलसिले में अशरफ को कोर्ट में तलब किया गया था। स्वास्थ्य कारणों से पेशी टल गई। अब 17 अप्रैल की तारीख तय की गई है। - आशीष प्रताप सिंह, सीओ तृतीय