- विवाद के बाद की पिटाई, लोगों ने कराया बीच-बचाव, पुलिस ने कार्रवाई से किया इन्कार
फतेहगंज पूर्वी। थाना क्षेत्र के दातागंज मार्ग पर फौजी पति ने अपनी पत्नी को किसी युवक के साथ देख लिया तो उसने युवक की पिटाई की। बाद में लोगों ने बीच-बचाव कराया तब यह मामला सामने आया।
बरेली की एक महिला शाहजहांपुर के जैतीपुर क्षेत्र में कार्यरत हैं। वहीं, बरेली का ही एक युवक भी क्षेत्र के स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत है। सोमवार को फतेहगंज पूर्वी में दातागंज मार्ग पर महिला के फौजी पति ने जब महिला को उस शिक्षक के साथ देखा तो उसने अपना आपा खो दिया और शिक्षक के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुई मारपीट से किसी को कोई भी मामला समझ में नहीं आया लेकिन स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत कराया गया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता करा लिया गया।
बताया जा रहा है कि महिला और शिक्षक दोनों बरेली में ही रहते हैं। महिला के फौजी पति को दोनों पर शक था इसलिए वह सोमवार को पहले से ही फतेहगंज पूर्वी पहुंच गया। झगड़े के बाद पुलिस ने बताया कि दोनों लोगों में समझौता हो गया। किसी की तरफ से कोई शिकायत नहीं की गई है। पुलिस ने कार्रवाई से इन्कार किया है। संवाद