बरेली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि को लेकर कासगंज में कुछ लोगों के लेखपाल और राजस्व निरीक्षकों के साथ मारपीट की घटना के विरोध में लेखपाल संघ ने मुख्य सचिव को ज्ञापन भेजकर कार्रवाई की मांग की है। संघ का कहना है कि योजना में प्रत्येक लेखपाल अब तक करीब एक-एक हजार से अधिक फार्म प्रधानमंत्री किसान पोर्टल पर पंजीकरण कराने के लिए जमा किए जा चुके हैं। किंतु इसमें अभी केवल 25 फीसदी किसानों को ही सम्मान राशि का भुगतान हुआ है। बाकी किसानों का नाराज होना स्वाभाविक है। 27 जून को इसी को लेकर किसान और लेखपाल के बीच पहले विवाद हुआ और फिर अराजक तत्वों ने कासगंज तहसील में मारपीट करते हुए कागजात फाड़ डाले। लेखपाल संघ ने एसडीएम के माध्यम से मुख्य सचिव को ज्ञापन भेजकर अराजक तत्वों की शीघ्र गिरफ्तारी कराए जाने की मांग की है। इस मौके पर तहसील अध्यक्ष लाल बहादुर गंगवार, मंत्री नरायन दास मिश्रा आदि मौजूद रहे।