महिलाएं अन्याय, अत्याचार का डटकर मुकाबला करें
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
द एलीट एकेडमी में घरेलू हिंसा व एसिड अटैक पर छात्राओं ने किया नाट्य मंचन
धरौहरा/ लखीमपुर खीरी। एसडीएम आशीष कुमार मिश्र ने कहा कि महिलाएं किसी से कमजोर नहीं हैं। महिलाएं किसी से डरें नहीं, अन्याय और अत्याचार का डटकर मुकाबला करें। द एलीट एकेडमी सिसैया कलुआपुर गांव में अमर उजाला की ओर से बृहस्पतिवार को अपराजिता-100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत आयोजित गोष्ठी में उन्होंने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम बालिकाओं के जीवन में साहस भर रहे हैं। छात्राएं किसी भी समस्या में फंसने पर महिला हेल्पलाइन 181 और 100 डायल पर फोन करें। घरेलू हिंसा समेत समाज में फैली कुरीतियों का डटकर मुकाबला करें। प्रत्येक जागरूक व्यक्ति उनके साथ खड़ा है। प्रबंधक अफजल हुसैन ने कहा कि अमर उजाला बालिकाओं की जागरूकता का अच्छा माध्यम है। एमडी रिंपी सेठी ने कहा कि महिलाएं भी पुरुषों से कम नहीं हैं। नारी अबला नहीं रही। बेटियां सेना में भर्ती होकर देश की रक्षा कर रही हैं।