टोल की दर में 31 मार्च तक नहीं हो सकेगी कोई बढ़ोतरी
बरेली। बरेली-नैनीताल हाईवे स्थित दोहना टोल पर फास्टैग की सुविधा जल्दी मिलने वाली है। टोल पर फास्टैग का सिस्टम लग चुका है। सिस्टम का परीक्षण होना शेष है। परीक्षण के बाद इसे चालू किया जाना है। चालू करने से पहले उप्र राज्य मार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने बीस किलोमीटर दायरे में रहने वाले वाहन स्वामियों के लिए महीने का पास के आवेदन मांगे है। दोहना टोल पर आवेदन जमा किए जा रहे हैं। अन्य टोल पर वाहन के लिए आपने जो फॉस्टटैग आईडी बनवाई है, उसके नंबर के सात दोहना टोल पर जाकर आवेदन करें, जिस दिन से फास्टटैग लागू होगा उसी दिन से आपके वाहन को लाभ मिलेगा। दोहना टोल से 20 किलोमीटर के दायरे के गांवों में करीब 5,000 वाहन स्वामी हैं, जिनके पास महीने का पास है। अभी तक करीब एक हजार वाहन स्वामियों ने आवेदन किया है। टोल के एक अधिकारी ने बताया कि फास्ट टैग चालू होते ही ऑनलाइन रीचार्ज की सहूलियत भी मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि टोल लागू होने पर टोल की दर में 31 मार्च 2025 तक कोई बढ़ोतरी नहीं होगी। ब्यूरो