बरेली। बरेली कॉलेज में एकल स्थानांतरण के नाम पर रुपये मांगने के मामले में सभी सातों शिक्षक आरोपों से मुकर गए हैं। जांच समिति ने रिपोर्ट प्राचार्य को सौंप दी है। पूरा प्रकरण सामने आने के बाद से कुछ आवेदक परेशान दिखे और मंगलवार को कॉलेज में भटकते दिखे।
जांच समिति के संयोजक प्रो. खुर्शीद अली खान नेे बताया कि एकल ट्रांसफर के लिए सभी आवेदकों से पूछताछ की जा चुकी है। सोमवार को समिति की ओर से रिपोर्ट प्राचार्य प्रो. ओपी राय को सौंप दी गई। विगत दिनों सात शिक्षकों में से चार समिति के समक्ष प्रस्तुत हुए थे। शेष ने पत्र भेजकर लिखित रूप से वसूली के आरोपों से इन्कार किया था। मामला प्रकाश में आने के बाद कुछ आवेदक परेशान दिखे। मंगलवार को तीन आवेदक कॉलेज पहुंचे। इसमें से एक अपने अभिभावक के साथ पहुंचा और रुपये के लेनदेन के आरोप को लेकर शिक्षकों से नाराजगी जताई। आशंका जताई जा रही है कि ट्रांसफर के नाम पर खेल हुआ है। इसलिए अवकाश होने के बाद भी प्राचार्य कार्यालय से लेकर आवेदकों तक अफरातफरी का माहौल है। संवाद