बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में रैगिंग की संभावित घटनाओं पर प्रभावी अंकुश के लिए मंगलवार को कई अहम फैसले लिए गए। विवि प्रशासन एंटी रैगिंग स्क्वाॅयड, आउट साइडर मॉनीटरिंग सेल, नॉन कैंपस स्टूडेंट कमेटी के प्रस्तावों के गठन का निर्णय लिया गया।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति कार्यालय स्थित समिति कक्ष में मंगलवार को कुलपति प्रो. केपी सिंह की अध्यक्षता में एंटी रैगिंग समिति की बैठक हुई। इसमें यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन की ओर से जारी दिशानिर्देशों के अनुपालन में समिति ने मंथन किया। साथ ही, रैगिंग पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए समिति ने अन्य विचार भी सुझाए। जिस पर सभी ने सहमति जताई। दिशानिर्देश के तहत एंटी रैगिंग के संबंध में छात्र-छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्हें रैगिंग की पुष्टि पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानकारी भी देंगे।
संचालित एंटी रैगिंग सेल को प्रभावी बनाने के लिए प्रशासन का सहयोग लेंगे। सेक्टर वाइज एंटी रैगिंग स्क्वाॅयड गठित होगी। जो विश्वविद्यालय अनुशासन समिति यूडीसी के समन्वय (एनआरसी कमेटी) से नॉन कैंपस स्टूडेंट कमेटी और आउट साइडर कैंपस मॉनीटरिंग सेल भी बनाएंगे।
एंटी रैगिंग दिवस और सप्ताह भी मनाएंगे
रैगिंग के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने से संबंधित अभियान के अलावा एंटी रैगिंग दिवस और सप्ताह भी विश्वविद्यालय में मनाया जाएगा। ताकि रैगिंग के बारे में प्रत्येक विद्यार्थी को जानकारी रहे। बैठक में एंटी रैगिंग कमेटी के उपाध्यक्ष डीएसडब्ल्यू प्रो. पीबी सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव शुक्ला, प्रतिनिधि विभाग से प्रो. आलोक श्रीवास्तव, डॉ. नीरज कुमार, डिप्टी रजिस्ट्रार सुनीता यादव, गैर शिक्षक प्रतिनिधि, प्रिंट मीडिया से अनिल कुमार, छात्र प्रतिनिधि विशेष कुमार, संयोजक एंटी रैगिंग कमेटी डॉ. सौरभ वर्मा, मुख्य नियंता प्रो. एके सिंह मौजूद रहे। ब्यूरो