बरेली से निकलते हैं ये रेल रूट
दिल्ली-बरेली-लखनऊ रेल रूट बरेली से निकलने वाला मुख्य रेल रूट है। इस पर ट्रेनों का काफी दबाव रहता है। लखनऊ-दिल्ली की बात करें तो लखनऊ-कानपुर-दिल्ली रेल रूट है। यह रेल रूट बरेली नहीं आता। उत्तर रेलवे की वाया बरेली कैंट रेल लाइन चंदौसी होते हुए मुरादाबाद, दिल्ली और चंदौसी से ही अलीगढ़ के लिए जाती है। इस रेल रूट पर संचालित होने वाली ट्रेनें बरेली होते हुए तो गुजरती हैं, लेकिन जंक्शन पर नहीं आतीं। नया वैकल्पिक रेल रूट शुरू होने के बाद बरेली से लखनऊ और दिल्ली के बीच ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी। आगरा, मथुरा, कासगंज, बदायूं, बरेली, पीलीभीत होते हुए भी ट्रेनों का संचालन शुरू हो सकेगा।
मालगाड़ियों का भी कम होगा दबाव
दिल्ली-मुरादाबाद-बरेली-लखनऊ रेल रूट पर मालगाड़ियों का काफी दबाव रहता है। इससे लखनऊ-मुरादाबाद रेल खंड के बीच सवारी गाड़ियां अक्सर लेट हो जाती हैं। पीलीभीत-लखनऊ रेल रूट शुरू होने के बाद दिल्ली-बरेली-लखनऊ रेल रूट पर मालगाड़ियों का दबाव कम होने से ट्रेनों का संचालन सामान्य होगा।
शाहगढ़-पीलीभीत के मध्य गेज परिवर्तन का कार्य तेज गति से चल रहा है। इस कार्य के पूर्ण हो जाने से लखनऊ और गोरखपुर से सीतापुर, मैलानी, पीलीभीत, शाहजहांपुर होते हुए दिल्ली-लखनऊ के लिए एक वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। कई ब्रांच लाइनों के इस रेल रूट से जुड़ने से ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाएगी। मथुरा, आगरा, कासगंज से नए रेल रूट पर लखनऊ, गोरखपुर के लिए भी संचालन शुरू किया जाएगा। -पंकज कुमार सिंह, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे