बरेली। शहर में 26 सितंबर को हुए बवाल की हकीकत धीरे-धीरे उजागर हो रही है। शुक्रवार को एक सीसी फुटेज सामने आया। वीडियो में उपद्रवियों की भीड़ आकाश होटल के पास डीएवी कॉलेज रोड पर पुलिस पर हमला करते हुए बैरिकेडिंग को जबरन हटा रही है। दूसरी तरफ खड़ी पुलिस टीम लोगों से घर लौटने की अपील कर रही है। इस बीच भीड़ में मौजूद अराजक तत्व हाथों में पोस्टर लेकर भड़काऊ नारेबाजी करते दिख रहे हैं। कुछ देर नारेबाजी करने के बाद भीड़ ने पुलिस पर हमला कर धक्का-मुक्की की और बैरिकेडिंग पुलिस की ओर फेंक दी। भीड़ जबरन डीएवी कॉलेज की तरफ चली गई। घटना आसपास लगे सीसी कैमरों में कैद हो गई। अमर उजाला वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जो नए वीडियो और फुटेज मिल रहे हैं, पुलिस उनके आधार पर उपद्रवियों को चिह्नित कर रही है। ब्यूरो