बरेली। जोगी नवादा में रविवार को निकले कांवड़ जत्थे के विरोध में दूसरे पक्ष ने सोमवार को धार्मिक आयोजन के बहाने सड़क घेर ली। पुलिस ने समझाया तो भीड़ उग्र हो गई। धक्का-मुक्की के बाद चौकी प्रभारी पर बच्चे को पीटने का आरोप लगाया और उन्हें हटाने की मांग की। अफसरों ने जांच व कार्रवाई का आश्वासन देकर भीड़ को मना लिया।
रविवार को शाहनूरी मस्जिद के सामने से होते हुए विश्व हिंदू परिषद व महंत राकेश कश्यप की अगुवाई में कांवड़ यात्रा निकाली गई थी। कांवड़िये वनखंडीनाथ मंदिर होकर कछला चले गए। दूसरे समुदाय के लोगों ने इसे गलत परंपरा बताकर अधिकारियों को ज्ञापन दिया था। सोमवार सुबह ये आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। मजार के पास धार्मिक आयोजन के बहाने लोगों ने सड़क घेर ली। हंगामा बढ़ने की आशंका पर एसपी सिटी राहुल भाटी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाकर सड़क से हटाया।
पैर में डंडा लगा तो किया हंगामा
अधिकारियों के मौके से जाने के बाद भीड़ दोबारा सड़क पर आ गई। इसी मार्ग से कांवड़ियों के लौटने की उम्मीद थी तो पुलिस ने रोड खाली कराने के प्रयास में लाठियां फटकारीं। तब 12 साल के अयान के पैर पर डंडा लग गया। इसके बाद लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ लोगों ने अयान को चारपाई पर लिटाकर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया और चौकी प्रभारी को हटाने की मांग करने लगे। कहा कि चौकी प्रभारी अनूप सिंह ने ही अयान को पीटा है, उन पर कार्रवाई के बिना नहीं हटेंगे। एसपी सिटी ने जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाद में अयान के पिता अली शाह ने एसएसपी अनुराग आर्य से मिलकर चौकी प्रभारी व सिपाही सुमित की शिकायत की।
दूसरे रास्ते से लौटा कांवड़ियों का जत्था
दरअसल, बच्चे को पीटने के बहाने हो रहे हंगामे के पीछे समुदाय विशेष के लोगों में रविवार को निकली कांवड़ यात्रा से जुड़ा गुस्सा था। लोगों का मानना था कि कांवड़िये लौटकर इसी रास्ते से आएंगे। दोपहर एक बजे कांवड़ियों का जत्था वनखंडीनाथ मंदिर पहुंचा। वहां जलाभिषेक किया। इसके बाद महंत राकेश कश्यप ने बताया कि वह लोग हमेशा लौटकर दूसरे रास्ते से ही जाते हैं। इससे पुलिस को भी राहत मिली। मौके पर कई थानों की पुलिस व पीएसी तैनात रही।
रात में योजना बनाते हटाया तो हुए नाराज
दरअसल, रविवार शाम से ही दूसरे समुदाय के लोग बैठकें कर रहे थे। सोशल मीडिया पर तमाम तरह के मेसेज वायरल किए जा रहे थे। इससे माहौल खराब होने की आशंका थी। रात में ही पुलिस पहुंची और अलग-अलग बैठकें कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। इस बात से ये लोग चौकी प्रभारी से ज्यादा नाराज थे। यही गुस्सा सुबह दिखाई दिया।
वर्जन
जोगी नवादा में कांवड़ यात्री खुद ही दूसरे रास्ते से अपने घर चले गए। कुछ लोगों ने चौकी इंचार्ज पर अभद्रता का आरोप लगाया था, जिसकी जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। मौके पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और पीएसी तैनात है। - अनीता चौहान, सीओ तृतीय