बरेली। श्री राधा संकीर्तन मंडल ट्रस्ट की ओर से श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर में सोमवार को अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। इस दौरान जगन्नाथ स्वामी को अन्नकूट का भोग अर्पित किया गया। साथ ही मंदिर प्रांगण में गाय के गोबर से श्री गिरिराज महाराज का स्वरूप बनाकर विधि-विधान से उनका पूजन किया गया, जिसके बाद मौजूद श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की। इस दौरान मंडल और श्री श्याम परिवार के रसिकों की ओर से भजन संध्या की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान विकास अग्रवाल, पवन जायसवाल, समित अग्रवाल, देवेंद्र शर्मा, नरेंद्र मित्तल, राहुल जौहरी आदि मौजूद रहे। संवाद