मीरगंज। शाही थाना क्षेत्र में बुझिया जागीर में हुई नौ दिन पूर्व अनीता देवी हत्याकांड के हत्यारों का पुलिस अब तक खुलासा नहीं कर सकी। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
अनीता देवी थाना शेरगढ़ के गांव हौंसपुर से 1 जुलाई को अपने मायके खिरका थाना फतेहगंज पश्चिमी गई थीं। दो जुलाई को फतेहगंज पश्चिमी बैंक से अपने खाते से रुपये निकालकर ससुराल जा रही थीं। बुझिया जागीर अड्डे से वह पैदल खड़ंजे के रास्ते से जा रही थीं।किसी व्यक्ति ने उनकी हत्या कर शव गन्ने के खेत में डाल दिया था। ग्राम प्रधान की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। थानाध्यक्ष शाही अमित कुमार बालियान ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हर बिंदु पर गहन मंथन चल रहा है। शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा। संवाद