एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि 13 अगस्त की रात बिल्सी के मोहल्ला नंबर आठ में तेजेंद्र सागर की घर के बाहर सोते समय फरसे से गला काटकर हत्या कर दी गई थी। पास में खून लगा फरसा बरामद हुआ था। तेजेंद्र की भाभी मोरश्री पत्नी सूरजपाल ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। इस हत्याकांड के खुलासे को दो टीमें लगाई गई थीं। शुरुआत में मोहल्ले वाले भी कुछ बताने को तैयार नहीं थे।
घटना वाली रात पास मिथलेश दूसरी चारपाई पर सो रही थी। उसकी चारपाई पर तीन साल की नातिन भी सो रही थी। सुबह चार बजे जब उसकी नातिन की आंख खुली तो उसने बताया था कि बाबा के गले से खून निकल रहा था। उसे नहीं पता कि रात में उसकी हत्या कौन कर गया। उसकी यही बातें पुलिस के गले नहीं उतर रहीं थीं। पुलिस ने परिवार वालों के अलावा मोहल्ले के लोगों से जानकारी जुटाई। कुछ लोगों ने बताया था कि तेजेंद्र के घर में रोजाना विवाद होता था।
साक्ष्यों के आधार पर मिथलेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। तो उसने बताया कि तेजेंद्र उसे आए दिन पीटता था। उसका उत्पीड़न करता था। सबसे ज्यादा वह पुत्रवधू पर बुरी नजर रखता था। इससे वह तंग आ गई थी और रात में करीब तीन बजे उसकी फरसे से गला काटकर हत्या कर दी। थाना पुलिस ने महिला को जेल भेज दिया है। इसा दौरान एसपी देहात अजय प्रताप सिंह, सीओ चंद्रपाल सिंह और इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार सिंह मौजूद थे।