शाही। शिव मंदिर और आबादी के नजदीक कूड़ाघर बनाने का ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए खंड विकास अधिकारी को शिकायतीपत्र सौंपा है। शिकायत के बाद ग्राम पंचायत सचिव और लेखपाल को वस्तुस्थिति की जांच के निर्देश मिले हैं। थाना क्षेत्र के गांव बढ़ेपुरा में कूड़ाघर का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है, जिस स्थान का चिह्नीकरण हुआ है। उसके नजदीकी ही गांव में शिव मंदिर, ब्रह्मा देव स्थल, आंगनबाड़ी केंद्र और आबादी भी है।
खंड विकास अधिकारी फतेहगंज पश्चिमी को सोमवार को दिए गए शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने कहा है कि आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवती पौष्टिक आहार लेने आती हैं। शिशु भी पढ़ने आते हैं। नजदीक ही शिव मंदिर और ब्रह्मदेव स्थल भी है। इन स्थानों के नजदीक कूड़ा घर बनने से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा है। ग्रामीणों ने दो वर्ष पूर्व गांव में बनाए गए कच्चे कूड़ा घर के नजदीक ही नया कूड़ा घर बनवाने की मांग की है।
शिकायती पत्र देने वालों में प्रमुख रूप से हरीश कुमार, हीरालाल, जय नारायण, बद्री प्रसाद, पप्पू, मुकुंदी लाल आदि रहे। संवाद