सीबीगंज (बरेली)। बरेली के एक व्यापारी ने आंध्र प्रदेश के व्यापारी को झांसा देकर मिर्च हड़प ली। करीब 24 लाख की ठगी के मामले में माल बरामदगी के बाद आंध्रप्रदेश के व्यापारी ने तहरीर थाने में दी है।
आंध्र प्रदेश के मछली पटनम निवासी वेंटेश्वर राव ने बताया कि बरेली के टीबरीनाथ मंदिर के पास के रहने वाले व्यापारी ने दो अक्तूबर को उनसे 130 क्विंटल मिर्च का सौदा 24 लाख रुपये में किया था। भुगतान माल मिलने पर देने की बात कही थी। पांच अक्तूबर को 333 बोरो में मिर्च एक ट्रक में भरकर बरेली पहुंचा दी गई।
बरेली के व्यापारी ने इस मिर्च को अन्य व्यापारियों को बेचकर रुपया हड़प लिया। भुगतान के लिए वेंटेश्वर से कहा कि अभी सर्वर डाउन है। इस पर ड्राइवर मिर्च उतारकर ट्रक लेकर लौट गया। बाद में व्यापारी ने बहाना किया कि उसके गोदाम पर जीएसटी का छापा पड़ गया है।
वेंटेश्वर को शक हुआ तो वह आंध्रप्रदेश से बरेली आए। उन्होंने छानबीन की तो सीबीगंज के बिधौलिया में थोक व्यापारी की दुकान से 38 बोरी मिर्च बरामद कर ली। इसकी सूचना सीबीगंज पुलिस को दी। इंस्पेक्टर सुरेश गौतम ने बताया कि घटना टीबरीनाथ मंदिर के पास की है। व्यापारी को बता दिया है कि वहीं के थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं। संवाद