फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साहब! भूत मुझे मारता है..उससे बचाओ,ग्रामीण ने कोतवाली पहुंचकर दी अजीबो-गरीब तहरीर

Sun, 13 Oct 2019 06:30 PM IST
बरेली ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बरेली
विज्ञापन
पीड़ित - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

नवाबगंज। ज्ञान, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हमने भले ही कितनी ही तरक्की क्यों न कर ली हो, कभी सिर्फ कल्पनाओं में रहे चांद पर पहुंच गए हों, लेकिन गांव-देहात में अंधविश्वास आज भी हावी है। लोग अब भी भूत-प्रेत का न केवल वजूद स्वीकारते हैं बल्कि कई तो उन्हें देखने, उनसे पीड़ित होने का भी दावा करते हैं। ऐसा ही एक मामला शनिवार को नवाबगंज कोतवाली में पहुंचा। एक ग्रामीण ने पुलिस को तहरीर देकर भूत उतरवाने की गुहार लगाई।

गांव नवादा इकराममुल्ला के प्यारेलाल की पत्नी की लगभग आठ साल पहले मौत हो चुकी है। बकौल प्यारेलाल, उनके पास 12 बीघा कृषि भूमि है, जिसे कुनबे के लोग हड़पना चाहते हैं। इसके लिए गांव में रहने वाले उनके एक चाचा ने उन पर जादू-टोना करा दिया है। अब रोजाना रात में एक भूत उनके घर में घुस आता है और उनके जबड़ों पर प्रहार करता है। इससे उन्हें बहुत दर्द होता है। प्यारेलाल ने कहा कि जब उन्होंने अपने बेटे और बहू को इसकी जानकारी दी तो उन्होंने मजाक बनाते हुए गालीगलौज की। प्यारेलाल ने बताया कि वह भूत उतरवाने के लिए अब तक कई तांत्रिकों से की मदद ले चुके हैं, लेकिन कोई भूत नहीं उतर सका है। इससे परेशान होकर उन्होंने अब पुलिस को तहरीर देकर मदद मांगी है। पुलिस ने प्यारेलाल की तहरीर लेकर रख ली और उन्हें भूत से निजात दिलाने का भरोसा देकर घर भेज दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें