बरेली। अमरोहा में शनिवार शाम सात बजे कल्याणपुर क्रॉसिंग के पास मालगाड़ी डिरेल होने से दिल्ली-लखनऊ के बीच ट्रेनों का संचालन ठप हो गया है। बरेली होते हुए लखनऊ और दिल्ली की ओर जाने-आने वाली 13 ट्रेनों को अलग-अलग रूटों से डायवर्ट कर दिया गया है। बरेली-दिल्ली पैसेंजर को निरस्त कर दिया गया है।
मालगाड़ी डिरेल होने के कारण दिल्ली-देहरादून, दिल्ली-लालकुआं रेल रूटों पर भी ट्रेनों का संचालन ठप हो गया है। कल्याणपुर क्रॉसिंग के पास मालगाड़ी के 10 डिब्बे पटरी से उतरने के बाद डाउन लाइन पर चले गए थे। यह मालगाड़ी गोंडा से गाजियाबाद जा रही थी। इससे अप-डाउन दोनों लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। दोनों लाइनों पर ट्रेनों का संचालन ठप हो गया। डीआरएम आरके सिंह ने बताया कि लखनऊ-दिल्ली रेल लाइन पर ट्रेनों का संचालन बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर काम जारी है। उन्होंने दावा किया है कि पांच से छह घंटे में ट्रेनों का संचालन बहाल कर दिया जाएगा। डिरेलमेंट के बाद कई ट्रेनों को रास्ते में भी रोकना पड़ा है।
दिल्ली-लखनऊ रेल रूट बाधित होने से अप-डाउन लाइन की 22453 राज्यरानी एक्सप्रेस, 15274 सत्याग्रह एक्सप्रेस, 19601 न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस, 13430 मालदा टाउन एक्सप्रेस, 14206 अयोध्या एक्सप्रेस, 14242 नौचंदी एक्सप्रेस, 22420 सुहेलदेव एक्सप्रेस, 12391 श्रमजीवी एक्सप्रेस, 15012 अंबाला-लखनऊ एक्सप्रेस, 14316 इंटरसिटी एक्सप्रेस, 14208 पद्मावत एक्सप्रेस, 12230 लखनऊ मेल, 12430 एसी सुपरफास्ट, 14010 आनंद विहार-मोतिहार एक्सप्रेस को अलग-अलग रेल खंडों में डायवर्ट कर दिया गया। इसके अलावा 04304/04303 दिल्ली-बरेली पैसेंजर को निरस्त कर दिया गया।