बरेली। नगर स्वास्थ्य अधिकारी पर स्वास्थ्य विभाग के तीन एसी अपने आवास पर लगवाने का आरोप है। इसको लेकर तीन सौ बेड अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने सीएमओ को पत्र लिखकर एसी वापस कराने की मांग की है। इस पत्र के बाद से स्वास्थ्य महकमे में खलबली मची है।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने सीएमओ को पत्र लिखकर बताया है कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भानु प्रकाश ने चिकित्सा अधीक्षक पद पर तैनात रहते हुए अधिकारों का दुरुपयोग किया। सीएमओ कार्यालय से दो टन के 17 एसी तीन सौ बेड अस्पताल के लिए मिले थे। उसमें से तीन एसी उन्होंने अपने सरकारी आवास पर लगवा लिए। उनके इस कृत्य से सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने डॉ. भानु प्रकाश के आवास पर लगे तीनों एसी वापस कराने का आदेश जारी करने की मांग की है।
डॉ. भानु प्रकाश ने कहा कि मेरा घर नहीं, वह सरकारी आवास है। जिसकी ओर से पत्र लिखा जा रहा है, क्या उनके आवास पर एसी नहीं लगे होंगे? शिकायत की गई है तो जांच में सब साफ हो जाएगा। उच्चाधिकारियों से जैसे निर्देश होंगे, उसका पालन किया जाएगा।