अलीगंज। बिजली उपकेंद्र अलीगंज पर अपने निजी नलकूप का बिल जमा करने आए उपभोक्ता ने एसडीओ पर तमंचा तानकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
धनपति खरगपुर निवासी तोताराम वर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि वह सात सितंबर को दिन में नलकूप का बिल जमा करने बिजली उपकेंद्र अलीगंज पहुंचे। वह जब बिजली स्टोर रूम में थे, तो वहां पर एसडीओ संजीव दिवाकर पहुंचे, जो हड़काते हुए कक्ष में ले गए। वहां पर लगे कैमरे बंद कर सीने पर तमंचा रखकर मारपीट करने लगे। इसके बाद दोबारा कार्यालय न आने की धमकी देते हुए धकेल दिया, जिससे वह चोटिल हो गए। पीड़ित का आरोप है कि उनसे जबरदस्ती माफीनामा लिखवाया गया है। पीड़ित इस मामले में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के यहां भी शिकायतीपत्र देने पहुंचे।
इधर, एसडीओ संजीव प्रभाकर का कहना है कि तोताराम का स्वभाव ठीक नहीं है। अलीगंज विद्युत उपकेंद्र पर वैसे भी दलालों का आना आंशिक बंद है, जो आरोप लगाए गए हैं, वो निराधार हैं। संवाद