बरेली। जिला सहकारी बैंकों में कर्मचारियों की भविष्य निधि के 23 करोड़ रुपये के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। को-ऑपरेटिव बैंक्स स्टाफ एसोसिएशन के प्रांतीय सहायक महामंत्री सोहन कुमार गुप्ता ने बताया कि बरेली इकाई की ओर से कई वर्षों से मांग की जा रही है कि भविष्य निधि की संकलित राशि को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) को हस्तांतरित किया जाए। इस पर सहमति भी बन गई थी। बैंक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने ईपीएफओ कार्यालय को धनराशि भेजने के आदेश भी दिए। कर्मचारियों से शपथ-पत्र भी लिए गए, लेकिन मौखिक आदेश से इस राशि को फिर व्यवसाय में लगा दिया गया। अब इस रकम पर सावधि जमा का ब्याज दिया जा रहा है, जबकि नियमानुसार पीएफ का धन उस संस्था में नहीं रखा जा सकता, जहां कर्मचारी कार्यरत हैं। मामला हल नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। संवाद