बरेली। कोरोना संकट के बीच नगर निगम अब अपने सभी तरह के टैक्स ऑनलाइन ही स्वीकार करेगा। इस संदर्भ में शुक्रवार को नगर आयुक्त ने निगम के सभी अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश दिए। अब तक नगर निगम अपनी वेबसाइट www.tax.onlinebnn.com पर वैकल्पिक रूप में जलकर, गृह कर व सीवर आदि का टैक्स ऑनलाइन जमा करा रहा था। हालांकि इस वैकल्पिक व्यवस्था से नगर निगम में एक प्रतिशत से भी कम टैक्स जमा किया जा रहा था। पर पिछले दिनों प्रमुख सचिव के इस बाबत कड़े निर्देश देने के बाद इस अनुपात को शत प्रतिशत कराने पर जोर दिया जाएगा।
निगम के कर निर्धारण अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2020 - 21 के लिए गृह कर, जलकर और सीवर आदि करों का निर्धारण शुरू कर दिया गया है। इन्हें निगम की वेबसाइट पर अपडेट भी किया जा रहा है। इस संदर्भ में नगर आयुक्त ने शुक्रवार को बैठक कर सभी तरह के टैक्स जल्द से जल्द ऑनलाइन अपडेट करने के भी निर्देश दिए। कहा कि करदाताओं से उनके कर निगम में जमा कराने के बजाय ऑनलाइन ही जमा करवाया जाए। बताया कि इसके लिए निगम ने पहले ही अपना अकाउंट नंबर, आईएफएससी कोड आदि अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है। इस संदर्भ में दो दिन पूर्व प्रमुख सचिव ने भी बैठक कर निर्देश दिए थे। बैठक में नगर आयुक्त ने प्रमुख सचिव के इस निर्देश का भी हवाला दिया है। इनसेट चेक से भी जमा किया जा सकेगा टैक्स कर निर्धारण अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि जो लोग ऑनलाइन टैक्स जमा नहीं कर सकते, उनके लिए चेक से टैक्स जमा करने की भी सुविधा शुरू की गई है। इस संदर्भ में संबंधित बैंकों में एक बॉक्स रखवाया जाएगा जिसमें लोग अपना चेक जमा कर सकेंगे। वहां निगम का एक कर्मचारी भी मौजूद रहेगा जो एंट्री करने के अलावा रिसिप्ट भी देता रहेगा। इनसेट राशन कार्ड का सत्यापन फिर शुरू नगर निगम ने राशन कार्ड का सत्यापन फिर शुरू कर दिया है । पिछले दिनों एक सफाई नायक के कार्ड सत्यापन को लेकर पैसे मांगने का वीडियो वायरल होने के बाद इस कार्य को बंद कर दिया गया था। बताया जाता है कि अब इस कार्य में निगम टैक्स विभाग के अधिकारियों को भी लगाया गया है जो बड़े पैमाने पर नए राशन कार्डों का सत्यापन कर रहे हैं।