बरेली। देश के कई राज्यों में सीवियर एक्यूट रेस्पिरेटरी इन नेक (सारी), इंफ्लूएंजा लाइक इलनेस (आईएलआई) की रोकथाम के लिए शासन ने सोमवार को सभी जिलों को दिशानिर्देश जारी किए हैं। इसके तहत जिला अस्पताल में दस बेड का वार्ड बना है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पताल, नर्सिंग होम, लैब को अलर्ट जारी किया है।
जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. मीसम अब्बास ने बताया कि मौसम में परिवर्तन के साथ इंफ्लुएंजा ए ग्रुप के एच1एन1, एच3एन2 और एडिनोवायरस का प्रसार हो रहा है। प्रदेश में आईएलआई, सारी के केसेज बढ़ रहे हैं। इसमें बच्चे, बुजुर्ग और युवा सभी शामिल हैं। हालांकि, अभी तक जिले में इन बीमारियों की कोई सूचना नहीं मिली है।
ऐसे में जिले की सीएचसी, पीएचसी, जिला, महिला अस्पताल, तीनों मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग होम को अलर्ट जारी कर संबंधित रोग के लक्षण से युक्त मरीजों की सूचना आईडीएसपी को देने को कहा गया है, ताकि उनकी निगरानी की जा सके।
स्वास्थ्यकर्मियों का होगा प्रशिक्षण
बताया कि जरूरत पड़ने पर संबंधित रोगी की आरटीपीसीआर जांच की जाएगी। फ्रंटलाइन वर्कर, एएनएम, आशा आदि को प्रशिक्षित किया जाएगा। लैब संचालक का संवेदीकरण होगा। रोकथाम के लिए व्यापक प्रचार प्रसार होगा।
ये हैं लक्षण : तेज बुखार, त्वचा गर्म और नम, चेहरा लाल होना, आंख से पानी निकलना, नजला, शरीर में दर्द, बिना बलगम की खांसी, सिर दर्द आदि इसके प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण हों तो नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें, ताकि उसका इलाज किया जा सके। स्वास्थ्य विभाग के पास दवाएं उपलब्ध हैं, जो मरीज के वजन के हिसाब से दी जाएंगी।