बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार को अजय कृष्ण यादव दोबारा कुलसचिव पद का प्रशासनिक दायित्व संभालेंगे। इसके लिए शासन स्तर से विश्वविद्यालय को पत्र भेजा गया था।
विश्वविद्यालय में विगत दिनों कुलसचिव और शिक्षकों के बीच विवाद हुआ था। इसमें कुलपति ने हस्तक्षेप करते हुए कुलसचिव को प्रशासनिक कार्यों से विरत कर दिया था। इस प्रकरण की सूचना कुलसचिव ने शासन को दी थी। विशेष सचिव ने कुलपति को पत्र भेजकर कुलसचिव को हटाने के फैसले को गलत बताया। उनके आदेश को उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय ( केंद्रीयित) सेवा नियमावली के तहत मिलीं शक्तियों का अतिक्रमण बताया। कनिष्ठतम उप कुलसचिव को कुलसचिव का कार्यभार देने को भी गैरकानूनी बताते हुए कुलपति के आदेश को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया था। बुधवार को अवकाश के बाद बृहस्पतिवार को कुलसचिव दोबारा प्रशासनिक कार्यों का दायित्व संभालेंगे। विवाद की स्थिति में यह प्रकरण कोर्ट भी जा सकता है। मीडिया प्रभारी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि अवकाश होने के कारण पत्र संज्ञान में नहीं है। यह कुलपति कार्यालय में मेल के माध्यम से प्राप्त होता है। कुलसचिव अजय कृष्ण यादव ने कहा कि शासन स्तर से पत्र प्राप्त हुआ है। उनके निर्देशानुसार विश्वविद्यालय में कार्यभार संभालूंगा।