बरेली। यूपी बोर्ड परीक्षा संपन्न होने के बाद अब छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को ठगने वाले गिरोह सक्रिय हो गए हैं। क्षेत्रीय सचिव मुन्ने अली ने बताया कि बोर्ड को जानकारी मिली है कि साइबर ठग परीक्षार्थियों को सीधे फोन कॉल कर उनके अंकों का विवरण दे रहे हैं और उसे बढ़वाने के लिए रकम मांग रहे हैं। ये अपराधी खुद को परिषद का कर्मचारी बताकर मुख्य डेटाबेस तक अपनी पहुंच होने का निराधार दावा कर रहे हैं। परिषद कभी भी किसी परीक्षार्थी से व्यक्तिगत रूप से संपर्क नहीं करता है। उन्होंने सभी अभिभावकों और परीक्षार्थियों से अपील की है कि ऐसे किसी भी फोन कॉल, मेसेज या ई-मेल का संज्ञान न लें। अपना रोल नंबर या बैंक विवरण किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। ऐसी कॉल आए उसे रिकॉर्ड कर अपने जिला विद्यालय निरीक्षक को सूचित करें या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।