फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: बारिश के बाद जगह-जगह हुआ जलभराव, जनजीवन अस्त व्यस्त

Sat, 08 Jul 2023 01:30 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
फरीदपुर। बृहस्पतिवार रात और शुक्रवार सुबह हुई बारिश के बाद कस्बे में जगह-जगह जलभराव हो गया। जलभराव के चलते लोग निकलने के लिए भी परेशान रहे। बारिश और जलभराव की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा।
विज्ञापन

स्थानीय लोगों ने बताया कि तालाबों पर हो रहे अवैध कब्जों के चलते जलभराव की समस्या विकराल होती जा रही है। तालाब पाटे जाने की वजह से बारिश के बाद पानी की निकासी नहीं हो पाती। इस वजह से बारिश का पानी गलियों में जमा हो रहा है। नालों की सफाई भी ठीक तरह से नहीं हुई है। आलम यह है कि जरा सी बारिश होने पर ही जलभराव हो जाता है। लोगों को इस गंदे पानी से होकर निकलना पड़ रहा है। शुक्रवार को बारिश के बाद मोहल्ला परा साईं बाबा मंदिर के पास और परा जाटवान में जलभराव हो गया। स्कूली बच्चे और शिक्षक भी जलभराव के बीच से होकर गुजरे। जलभराव को लेकर कई बार मोहल्ले वालों ने नगर पालिका प्रशासन से लेकर डीएम तक से शिकायतें की मगर अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
बारिश से हुए नुकसान का मिले मुआवजा
आंवला। बृहस्पतिवार को सुबह से देर शाम तक हुई बारिश में कस्बे के कई इलाके जलमग्न हो गए। बारिश रुकने के बाद शुक्रवार को जब व्यापारी प्रतिष्ठानों पर पहुंचे तो दुकानों और गोदामों में पानी भरा मिला। उप्र व्यापार प्रतिनिधि मंडल पदाधिकारियों ने एसडीएम गोविंद मौर्य को ज्ञापन सौंपकर बारिश से हुए नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने की मांग की। ज्ञापन में व्यापारियों ने बताया कि नगर में जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के चलते बरसात का पानी व्यापारियों की दुकानों व गोदामों में घुस गया। सुनील गुप्ता, विजय गुप्ता, दुर्गेश सक्सेना, मशकूर खान, सचिन सिंघल, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे। वहीं शुक्रवार को दिनभर नगर पालिका की टीम जलभराव की समस्या दूर करने में जुटी रही। संवाद
विज्ञापन


बारिश के बाद दातागंज मार्ग पर हुआ जलभराव
फतेहगंज पूर्वी। बारिश को बाद शुक्रवार को दातागंज-फतेहगंज पूर्वी मार्ग पर जलभराव हो गया। इन दिनों सड़क चौड़ीकरण का काम किया जा रहा है। मानपुर त्रिलोक सहित अन्य कई जगह सड़क पर मिट्टी पड़ी होने की वजह से सड़क दलदली हो गई। बीते दिनों उपजिलाधिकारी फरीदपुर पारुल तरार ने मानपुर की पुलिया और सड़क का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन पुलिया पर काम जल्द पूरा करने को कहा। बड़ी संख्या में कांवड़िए भी इसी सड़क से गुजरते हैं। इसके बाद भी जल्द सड़क की मरम्मत का काम पूरा करने के लिए अधिकारी गंभीर नहीं हैं। बिलपुर क्रॉसिंग के पास भी जलभराव की वजह से राहगीरों को परेशानी हुई। उपजिलाधिकारी फरीदपुर पारुल तरार ने बताया कि संबंधित जेई को सड़क सही कराने के निर्देश दिए हैं।
-
जलभराव से हुई परेशानी

बहेड़ी। बारिश के बाद शुक्रवार को नैनीताल रोड, मीना बाजार, लाइनपार, नदेली रोड पर जलभराव हो गया। इसके चलते लोगों को परेशानी हुई। खस्ताहाल हो चुकी नदेली रोड पर कुछ दिन पहले ही बजरी डाली गई थी। तेज बारिश में बजरी भी बह गई। क्षेत्र के टीकाराम गंगवार, महेश गंगवार, डॉ. रवि शर्मा ने सड़क की मरम्मत कराने की मांग उठाई है। वहीं, शुक्रवार को पालिका चेयरमैन रश्मि जायसवाल ने नगर का भ्रमण कर जलभराव का हाल जाना। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें