बीसलपुर-शाहजहांपुर हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण का मामला
पीलीभीत। बीसलपुर-शाहजहांपुर हाईवे के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में बरेली से मांगी गई जांच रिपोर्ट पर जिलाधिकारी की ओर से गठित जांच समिति पहले बैठक करेगी। इसके बाद मामले की जांच शुरू करेगी। समिति में एसडीएम बीसलपुर, लोक निर्माण विभाग और आरईएस के अधिशासी अभियंता, एआईजी स्टांप व एनएचएआई के प्रतिनिधि को शामिल किया गया है।
सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने बताया कि जरूरत पड़ेगी तो बरेली के भूमि अध्याप्ति अधिकारी (एसएलएओ) से भी वार्ता की जा सकती है। बता दें कि बीसलपुर-शाहजहांपुर के बीच प्रस्तावित हाईवे से पूर्व संबंधित क्षेत्र में जमीन खरीद कर पक्के ढांचों का निर्माण करते हुए अधिक मुआवजा लेने के प्रयास किए गए, पर इससे पहले ही मामला खुल गया। तत्कालीन एसडीएम ने मामले की एक रिपोर्ट एनएचएआई के अफसरों को भेजी थी। इसके बाद मंडलायुक्त के निर्देश पर यहां जिलाधिकारी से संबंधित मामले की रिपोर्ट मांगी ली गई है। इस पर डीएम ने जांच समिति बना दी है। संवाद