बरेली। भाजपा के पूर्व विधायक पप्पू भरतौल के भाई रमेश मिश्रा के लक्ष्य रिसॉर्ट को सील करने से पहले बीडीए की टीम बारादरी थाने में डेरा डाले रही। जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों के साथ चार घंटे चली मैराथन बैठक में इसकी रणनीति तय की गई। इसके बाद टीम वहां से हरुनगला पहुंची। महज आधे घंटे में रिसॉर्ट को सीलकर वहां से निकल गई।
आदित्य उपाध्याय के चौकीदार रोहित की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में पप्पू भरतौल नामजद हैं। इस घटना के मुख्य आरोपी राजीव राना का एक होटल व मकान को ध्वस्त कराया जा चुका है। राना के दूसरे सिटी स्टार होटल और उसके मददगार चांद मियां के सीके वैली होटल को सील किया गया है। वहीं, आदित्य उपाध्याय का सांवरिया रिसॉर्ट भी ध्वस्त किया जा चुका है।
शनिवार को पप्पू भरतौल के भाई रमेश मिश्रा के लक्ष्य रिसॉर्ट पर बीडीए ने कार्रवाई की है। इसके लिए बीडीए की टीम सुबह 11:30 बजे ही बारादरी थाने पहुंच गई थी। वहां बैठक में कार्रवाई की रणनीति तय करने के बाद अपराह्न तीन बजे टीम रिसॉर्ट पर पहुंची तो वह खाली मिला। सीलिंग के बाद बीडीए का बोर्ड और नोटिस चस्पा कर साढ़े तीन बजे टीम वहां से निकल गई।
भारी-भरकम फोर्स साथ होने के बाद भी पहले चीता टीम से कराया भ्रमण
दरअसल, पप्पू भरतौल का अपने क्षेत्र में वर्चस्व है। भरतौल गांव से सटे ही हरुनगला में उनके भाई रमेश का लक्ष्य रिसॉर्ट बना है। कार्रवाई के दौरान विरोध की आशंका को देखते हुए एक कंपनी पीएसी भी बुला ली गई थी। इज्जतनगर, बारादरी और महिला थाने के फोर्स समेत बीडीए के सेवानिवृत फौजी भी साथ रहे। रिसॉर्ट से कुछ दूर पहले ही पप्पू भरतौल के बेटे विक्की भरतौल, उनके परिचितों व मीडियाकर्मियों को खड़ा देख पुलिस प प्रशासन की गाड़िया दूर ही रुक गईं। इसके बाद एक बाइक पर दो पुलिसकर्मियों ने भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद टीम कार्रवाई के लिए आगे बढ़ सकी। विक्की व उनके परिचित वहां खड़े होकर कार्रवाई को देखते रहे। कार्रवाई के बाद वे वापस चले गए। संवाद