बिथरी चैनपुर। मांसाहार करने के बाद दो लोगों ने कांवड़ियों की राह में हड्डी फेंक दी। इससे गुस्साए कांवड़ियों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। कांवड़ियों को किसी तरह समझाकर शांत कराया।
गांव सहूआ के कांवड़ियों का जत्था कछला गंगा घाट से जल लेकर रविवार को लौटा था। सोमवार को जलाभिषेक से पहले कांवड़िये भगवतीपुर स्थित मंदिर पर विश्राम कर रहे थे। मंदिर के पास ही एक सरकारी भवन का निर्माण चल रहा है।
निर्माण में लगे राजमिस्त्री अनीस और निजामुद्दीन पास ही पाकड़ के पेड़ के नीचे दोपहर को खाना खा रहे थे। महंत हिमांशु मिश्रा ने बताया कि वह दोनों मांसाहार कर रहे थे। मांसाहार के बाद हड्डी मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर फेंक रहे थे। यह देखकर कांवड़ियों का गुस्सा भड़क गया।
कांवड़ियों ने दोनों को पीट दिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। कांवड़ियां को शांत कराकर अनीस और निजामुद्दीन को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर संजय तोमर ने बताया कांवड़ियों की शिकायत पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर उनको जेल भेजा जाएगा। संवाद