बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के सर्टिफिकेट और डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश के लिए शनिवार को कार्यक्रम जारी कर दिया गया। विभिन्न कोर्स में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जून है। प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा।
प्रभारी कुलसचिव संजीव कुमार के मुताबिक, वर्ष 2024-25 के लिए बीटेक, बीफार्मा, सर्टिफिकेट कोर्स इन कम्युनिकेशन स्किल्स, इंग्लिश फॉर बिजनेस, प्रोफिसिएंसी इन मैंडेरिन, जर्मन, फ्रेंच, स्पेनिश के प्रवेश संबंधी कार्यक्रम जारी किया गया है। प्रवेश के लिए पंजीकरण और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 30 जून 2024 है।
बीटेक और बीफार्मा की सीटों पर प्रवेश सीयूईटी मेरिट से होंगे। अगर सीटें रिक्त रहेेंगी तो डिप्लोमा की मेरिट से भरी जााएंगी। बहुभाषीय पाठ्यक्रमों में प्रवेश इंटरमीडिएट की मेरिट से होंगे। किसी तरह की समस्या होने पर विश्वविद्यालय में संपर्क किया जा सकता है। अथवा विवि की मेल के जरिए जानकारी ली जा सकती है।
आईवीआरआई : प्रवेश के दौरान परखेंगे
शैक्षिक रिकॉर्ड, लैब, फील्ड का अनुभव
बरेली। भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान ने 22 नए डिप्लोमा कोर्सों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। दो सेमेस्टर के डिप्लोमा कोर्स में बैचलर ऑफ वेटरनरी साइंस में उत्तीर्ण छात्र आवेदन कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून है। 15 जुलाई से पढ़ाई शुरू होगी। संयुक्त निदेशक शैक्षिक डॉ. एसके मेंदीरत्ता के मुताबिक नई शिक्षा नीति के तहत कोर्स शुरू हो रहे हैं। प्रवेश लेने के लिए शैक्षणिक रिकॉर्ड, लैब और फील्ड का अनुभव देखा जाएगा। प्रत्येक कोर्स में दस सीटें उपलब्ध हैं। 22 ऑफलाइन कोर्स समेत पांच ऑनलाइन डिप्लोमा कोर्स भी शुरू किए जा रहे हैं। प्रत्येक कोर्स की फीस 20 हजार रुपये है। ब्यूरो
बरेली कॉलेज के इग्नू अध्ययन केंद्र में प्रवेश शुरू
बरेली। बरेली कॉलेज में संचालित इग्नू केंद्र के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। समन्वयक प्रोफेसर वंदना शर्मा के मुताबिक प्रवेश की अंतिम तिथि 30 जून है। अभ्यर्थी वेबसाइट www.ignou.ac.in पर क्लिक कर समर्थ पोर्टल के जरिए प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। बताया कि बीए, बीएससी, बीकॉम के अलावा कई रोजगारपरक पाठ्यक्रम भी हैं। स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों में पढ़ रहे विद्यार्थी भी इग्नू से किसी अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रम से जुड़ सकते हैं। पुलिस, सेना, प्रशासन के अफसर, कर्मचारी प्रवेश ले सकते हैं। ब्यूरो