बरेली। ईद उल अजहा के मद्देनजर रोडवेज ने दिल्ली और लखनऊ समेत पांच रूटों पर बसों के फेरों में इजाफा किया है। इन रूटों पर रविवार से ही यात्रियों की संख्या में इजाफा होने लगा है। सोमवार से बृहस्पतिवार तक रोडवेज बसें अतिरिक्त फेरे लेंगी।
रविवार को गंगा दशहरा के बाद सोमवार को ईद उल अजहा का पर्व मनाया जाएगा। ईद उल अजहा का पर्व बुधवार तक चलेगा। इससे पहले बरेली-रामपुर-मुरादाबाद-दिल्ली के अलावा बरेली-शाहजहांपुर-लखनऊ, बरेली-हल्द्वानी, बरेली-रुद्रपुर और बरेली-आगरा रूटों पर यात्रियों की संख्या में इजाफा हो गया है। आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि चारों डिपो के एआरएम को बसों के फेरे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। रविवार को गंगा दशहरा के कारण कुछ रूटों पर डायवर्जन के कारण समस्या रही। सोमवार से सभी रूटों पर बसों का संचालन पूरी तरह से सामान्य हो जाएगा। जिन रूटों पर यात्रियों का दबाव है उन पर बृहस्पतिवार तक बसें अतिरिक्त फेरे लेंगी। संवाद