बरेली। नवरात्र में सड़क किनारे खुले में मांस-मछली बेचने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार, खुले में मीट-मछली की बिक्री से न केवल गंदगी फैलती है, बल्कि आम लोगों को भी परेशानी होती है। पुराना शहर, किला, सीबीगंज, स्वालेनगर समेत कई इलाकों में बिना लाइसेंस के मांस-मछली की दुकानें संचालित हो रही हैं। प्रमुख मार्गों के किनारे शाम ढलते ही ये दुकानें लग जाती हैं। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि अब ऐसे दुकानदारों के खिलाफ दो स्तर पर कार्रवाई की योजना बनाई गई है। जिन दुकानदारों के पास लाइसेंस हैं, उनके खिलाफ शासनादेश के तहत कार्रवाई की जाएगी। बिना लाइसेंस के सड़क किनारे दुकान लगाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों का सामान जब्त कर जुर्माना भी लगाया जाएगा। संवाद