गांव सूदनपुर में रहने वाले हेतराम ने अदालत में 14 जुलाई 2010 को मुकदमा दाखिल किया था। हेतराम का आरोप था कि गांव में गाटा संख्या 692 पर उसका बाग है जिसमें तमाम पेड़ लगे हुए है। ग्राम प्रधान उसके पेड़ों को कटवाकर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। हेतराम ने इस मुकदमे में डीएम बरेली, एसडीएम सदर और ग्राम प्रधान को पार्टी बनाया था। 19 मई 2011 को डीजीसी सिविल मुकदमे में हाजिर हुए थे। उसके बाद 41 तारीखें गुजर गईं लेकिन इसके बावजूद इस मुकदमे में प्रतिवादियों की ओर से जवाब दाखिल नहीं किया गया। अपर लघुवाद न्यायाधीश शक्ति सिंह ने इसे गंभीरता से लिया और प्रतिवादियों का जवाब दाखिल करने का अवसर समाप्त करते हुए उनकी लापरवाही पर मंडलायुक्त को डीएम, एसडीएम सदर और ग्राम प्रधान सूदनपुर के खिलाफ कार्रवाई करने के लिये पत्र जारी करने का निर्देश दिया है।