फरीदपुर। भुता थाना क्षेत्र की युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण और गर्भपात कराने के आरोप में सहकर्मी के खिलाफ तहरीर दी है। युवती ने फरीदपुर पुलिस को बताया कि वह फरीदपुर में प्राइवेट नौकरी करती है। वहीं पर किराये के कमरे में रहती है। कार्यस्थल पर तराखास गांव के युवक से मुलाकात हुई थी। आरोपी कमरे पर आता-जाता था। आरोप है कि उस युवक ने शादी का झांसा देकर आठ माह तक यौन शोषण किया। 22 मई को जानकारी हुई कि युवती गर्भवती है। आरोपी के परिजनों को जानकारी दी तो उन्होंने गर्भपात का दबाव बनाया और शादी से भी इन्कार कर दिया। झांसे में लेकर आरोपी अपने साथ युवती को भोजीपुरा क्षेत्र स्थित हाईवे किनारे एक हॉस्पिटल में ले गया। वहां दवा खिलाकर गर्भपात करवा दिया। मारपीट भी की। एक जून को ड्यूटी पर जाने के दौरान आरोपी और उसके दोस्त ने रास्ते में घेर लिया। मोबाइल फोन छीन लिया। सूचना पर गई पुलिस ने आरोपी के दोस्त को पकड़ लिया। आरोपी भाग गया। फरीदपुर इंस्पेक्टर क्राइम चमन सिंह भड़ाना ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।