हाफिजगंज। रिठौरा नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने के लिए एक दावेदार पर उम्र में हेरफेर करने का आरोप लगाते हुए एसडीएम सदर से शिकायत की गई है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेज से महिला ने अपनी उम्र बढ़वा ली। एसडीएम सदर प्रत्यूष पांडे ने शनिवार को बयान दर्ज करने के लिए दोनों पक्षों को बुलाया है।
रिठौरा नगर पंचायत में इस बार अध्यक्ष की सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हुई है। रिठौरा के रहने वाले जगदीश प्रसाद गंगवार, ब्रजेश सागर आदि ने एसडीएम को सौंपी शिकायत में बताया कि कस्बे की खुशबू पत्नी संजीव कुमार का नाम मतदाता सूची में वार्ड संख्या 12 मोहल्ला काहरान में क्रम संख्या 114 पर दर्ज है। इसमें उनकी आयु 26 वर्ष है। नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए आयु 30 वर्ष होनी चाहिए। आरोप है कि उन्होंने खुद को अनपढ़ बताकर एक शपथ पत्र देकर अपनी आयु 31 वर्ष करा ली। शिकायतकर्ता ने बताया कि बरेली-मुरादाबाद स्नातक खंड की मतदाता सूची में उनकी शिक्षा स्नातक दर्ज है। उन्होंने पिछले दिनों हुए चुनाव में वोट भी डाला था। इस संबध में खुशबू के पति संजीव ने बताया कि उनकी पत्नी की उम्र वोटर लिस्ट में कम लिख गई है। इसके ठीक कराने के लिए आवेदन किया था। राजनीति के तहत कुछ लोग झूठी शिकायत कर रहे हैं।
एसडीएम सदर प्रत्यूष पांडेय ने बताया कि उन्हें एक प्रार्थना पत्र मिला है। इसके आधार पर दोनों पक्षों को बुलाया है और पूछताछ की जाएगी।