बरेली/हाफिजगंज। नीट की तैयारी कर रही छात्रा को कमरे से जबरन उठा ले जाने और थाना इज्जतनगर क्षेत्र में छोड़ने का आरोप लगाकर पिता ने तहरीर दी है। मामला तीन थाना क्षेत्रों से जुड़ा है। पुलिस इसे पुराने मुकदमों से जुड़ा बता रही है।
थाना हाफिजगंज क्षेत्र निवासी शख्स ने तहरीर देकर बताया कि उनकी दो पुत्रियों में से एक दिव्यांग है। उनके पास 40 बीघा जमीन है। गांव के ही कुछ दबंगों की जमीन पर नजर है। वह उसकी पुत्री से जबरन विवाह कर संपत्ति हड़पना चाहते हैं। बताया कि थाना बारादरी क्षेत्र में किराये पर कमरा लेकर उनकी बेटी नीट की तैयारी कर रही थी। शनिवार को गांव के दबंग छात्रा को जबरन कमरे से उठाकर ले गए। छात्रा ने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी।
पिता हाफिजगंज थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ घंटे बाद जानकारी हुई की छात्रा को आरोपी इज्जतनगर थाना क्षेत्र में कलापुर की पुलिया के पास छोड़कर चले गए हैं। छात्र कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पिता के अनुसार दबंग ने एक वर्ष पहले उनकी पुत्री से छेड़खानी की थी। तब हाफिजगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इज्जततनगर थाना प्रभारी जयशंकर सिंह ने बताया कि मामला पेशबंदी से जुड़ा है। बारादरी पुलिस इसकी जांच कर रही है।