बरेली। शहर के किला व कोतवाली क्षेत्र में दफ्तर खोलकर सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने के आरोपी प्रयागराज निवासी ज्ञानेश पाठक को एसटीएफ ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। टीम उसे रात में किला थाने में दाखिल करेगी। यहां से उसे बृहस्पतिवार को जेल भेजा जाएगा।
किला थाना क्षेत्र के सिटी स्टेशन रोड पर आकाश फ्लोर्स में जेकेवी कंपनी का दफ्तर था। कंपनी के डायरेक्टर और कर्मचारी शहर के लोगों को निवेश करने पर कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देते थे। कंपनी के कर्मचारियों ने शहरवासियों से करोड़ों रुपये निवेश करवाए और दफ्तर बंद कर फरार हो गए।
तहसील नवाबगंज के गांव लाड़पुर उस्मानपुर निवासी अनीस ने किला थाने में कंपनी के डायरेक्टर और कर्मचारियों के खिलाफ वर्ष 2022 में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें डायरेक्टर प्रयागराज निवासी ज्ञानेश पाठक भी नामजद है। ज्ञानेश के खिलाफ कई अन्य मुकदमे भी किला थाने में दर्ज कराए गए थे, जिनमें वह फरार चल रहा था। पांच जुलाई को बरेली एसएसपी अनुराग आर्य ने ज्ञानेश पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। प्रयागराज एसटीएफ ने नागपुर के हुडकेश्वर थाना क्षेत्र स्थित साईं मंदिर के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। वहां न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड लेकर ज्ञानेश को टीम बरेली ला रही है।