शमसाबाद (फर्रुखाबाद)। बरेली जिले के कस्बा भोजीपुरा के मोहल्ला प्रेमनगर निवासी मोहम्मद आरिफ (35) शाहजहांपुर के मिर्जापुर स्थित फायर स्टेशन पर फायरमैन के पद पर तैनात थे। उनकी ड्यूटी मिर्जापुर क्षेत्र में ढाई घाट कार्तिक मेले में लगी थी। बुधवार सुबह आठ बजे वह अपने साथियों के संग गंगा स्नान करने गए थे। आरिफ अपने साथियों के साथ बैरीकेडिंग के पार गहराई में स्नान करने लगे, तभी उनका पैर फिसल गया। साथियों ने देखा पर आरिफ दोबारा बाहर नहीं निकले। चीखपुकार पर गोताखोर पहुंच गए। दस मिनट बाद गोताखोरों ने आरिफ को खोज निकाला। वह बेहोशी की हालत में थे। साथी आरिफ को मिर्जापुर सीएचसी लाए, वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरिफ की पत्नी जिम्मी खां आबकारी विभाग में सिपाही हैं। वह रामपुर में तैनात हैं। शाहजहांपुर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी रेहान अली ने बताया कि आरिफ तैराक भी थे। वह पानी में कैसे गिरे और डूबे कैसे, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।