बिथरी चैनपुर (बरेली)। थाना क्षेत्र की नाबालिग छात्रा को दूसरे समुदाय का युवक अगवा कर ले गया था। दस दिन बाद छात्रा पुलिस को मिली तो दूसरे समुदाय का ही दूसरा युवक उसके साथ मिला। आरोपी को गिरफ्तार कर छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। हिंदू संगठनों के लोगों ने रजऊ चौकी प्रभारी पर मिलीभगत का आरोप लगाकर हंगामा किया। सीओ ने विवेचक बदल दिया है।
दस दिन पहले क्षेत्र की इंटर की छात्रा को फुसलाकर साजिद अपने साथ ले गया था। किशोरी के पिता ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट कराई थी। जानकारी की तो पता लगा कि पड़ोस के घर में निर्माण कार्य के लिए आने वाला दूसरे समुदाय का राजमिस्त्री उसे साथ ले गया है। उन्होंने पुलिस को बताया तो तलाश में टीम लगा दी गई।
पुलिस ने शनिवार रात किशोरी को तलाश कर लिया। उसके साथ दूसरा युवक अनीस मौजूद था। सूत्र बताते हैं कि उसे शाहजहांपुर से तलाश किया गया। उससे पूछताछ की गई। जांच में पता लगा कि अनीस ही असली आरोपी है, साजिद ने किशोरी को उसके हवाले कर दिया था। किशोरी के पिता ने भी उससे मुलाकात की।
-
चौकी प्रभारी घिरे तो सीओ ने विवेचना बदली
छात्रा और आरोपी के पकड़े जाने की सूचना पर हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार और करणी सेना के जिलाध्यक्ष राहुल सिंह कार्यकर्ताओं को लेकर थाने पहुंच गए और नारेबाजी की। आरोप लगाया कि दूसरे समुदाय के आरोपी ने छात्रा को प्यार के नाम पर धोखा दिया। उसे अपने दोस्त को सौंप दिया। दोस्त ने भी उसके साथ बिना सहमति के संबंध बनाए। आरोप लगाया कि छात्रा का परिवार लगातार विवेचक रजऊ चौकी प्रभारी को सूचना देता रहा, पर उन्होंने ध्यान नहीं दिया। अब वह दूसरे आरोपी को बचाने की कोशिश में लगे हैं। थाना प्रभारी संजय सिंह ने पदाधिकारियों को समझाने की कोशिश की, पर वह नहीं माने। इसके बाद पदाधिकारियों ने सीओ से मुलाकात की। सीओ ने जांच दूसरे दरोगा भूपेंद्र सिंह को दे दी।
- छात्रा के साथ एक युवक मिला है। परिजनों के मुताबिक, वही असली आरोपी है। दूसरे आरोपी का दोष मिला तो उसकी भी गिरफ्तारी की जाएगी। रजऊ चौकी प्रभारी से हटाकर विवेचना दूसरे दरोगा को दी गई है। - अनीता चौहान, सीओ तृतीय