दुनका। राखी बांधने मायके जा रही महिला की धनेटा-शीशगढ़ रोड पर शनिवार को जुन्हाई के पास हुए हादसे में मौत हो गई, जबकि उसकी बहन समेत दो लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाही थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर के रुस्तम सिंह की पत्नी 30 वर्षीय रुबी अपनी बड़ी बहन रामकली और उसके पुत्र हर्वेंद्र के साथ बाइक से बैठकर मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव समसपुर अपने मायके राखी बांधने जा रहीं थीं। बाइक हर्वेंद्र चला रहा था, जब वह धनेटा शीशगढ़ रोड पर स्थित जुन्हाई के पास पहुंची तो शीशगढ़ दिशा से आ रही कार ने बाइक में साइड मार दी, जिससे बाइक लड़खड़ा कर रोड पर गिर गई। इसमें रुबी, रामकली और हर्वेंद्र घायल हो गए। सूचना पर पहुंची शाही पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा, लेकिन रुबी की रास्ते में ही मौत हो गई। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। जैसे ही रुबी की मौत की खबर उसके मायके और ससुराल पहुंची तो घर में मातम पसर गया। रुबी तीन बच्चियों की मां है। वहीं, दूसरी घटना धनेटा-शीशगढ़ रोड पर परतापुर के पास हुई। थाना शाही के ही गांव औरंगाबाद निवासी नीलम अपने पति सर्वेश के साथ बाइक से राखी बांधने मायके जा रही थीं। तभी सामने कुत्ता के आ जाने के कारण बाइक गिर गई। दोनों पति-पत्नी घायल हो गए। पुलिस ने उन दोनों को अस्पताल भेजा है। संवाद