नई कॉलोनी निवासी गणेश सिंह की रिपोर्ट कोर्ट के आदेश पर थाने में शनिवार को दर्ज की गई। गणेश सिंह ने बताया कि 23 नवंबर को डगरोली गांव से फतेहगंज पूर्वी आते समय संजय शर्मा, हरीश मिश्रा और ऊषा ने उनको घेर लिया। आरोप है कि ऊषा ने नशीला पदार्थ खिलाकर गणेश को बेहोश करके कार में डालने की कोशिश की। राहगीरों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने गणेश को फरीदपुर सीएचसी और फिर बरेली जिला अस्पताल भेजा। इलाज के बाद 25 नवंबर को उन्होंने तहरीर दी। आरोप है कि कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद गणेश ने कोर्ट में गुहार लगाई। गणेश ने बताया कि तीन जनवरी 2024 को आरोपियों ने बरेली में उनपर जानलेवा हमला किया था। संजय, फिरोजाबाद में जलसेर रोड पर संजीवनी अस्पताल के पास, हरीश, सीबीगंज के लोहिया बिहार में और ऊषा, फतेहगंज पूर्वी के गांव सिमरा हरिचंद में रहती है। उसका मुकदमा बारादरी थाने में विचाराधीन है। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।