आंवला। रोडवेज में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवकों से छह लाख की ठगी की शिकायत एसडीएम से की गई है। रम्पुरा गांव के आशाराम ने बताया कि परिवहन निगम अलीगढ़ डिपो में कार्यरत कस्बावासी नियमित परिचालक ने बरेली से लखनऊ तक अच्छे संबंध होने और यूपी रोडवेज में संविदा पर चालक व परिचालक की नौकरी दिलाने की बात कही। नौकरी दिलाने के लिए प्रति व्यक्ति डेढ़ लाख रुपये मांगे। बेरोजगार मुनीश, जुगेंद्र, प्रवेश, गिरीश और रामपुर के गांव भुड़ासी निवासी भानु प्रताप ने पिछले साल आरोपी को नकदी और खाते में ट्रांजेक्शन के माध्यम से छह लाख रुपये दिए। शेष रुपये नौकरी लगने के बाद देना तय हुआ। आठ माह बीतने पर भी नौकरी नहीं लगी तो ठगी का अहसास हुआ। रुपये मांगने पर आरोपी ने टालमटोल की। एसडीएम विदुषी सिंह ने मामले की जांच का निर्देश थाना पुलिस को दिया है।