बरेली। विवादित जमीन का सौदा तय कर एक महिला व कुछ लोगों ने 26 लाख रुपये हड़प लिए। पीड़ित रेलवे कर्मी व उनकी पत्नी ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन पुलिस जांच के नाम पर पेंच फंसाए है। महिला ने एसपी सिटी से शिकायत की है। अशोक नगर निवासी रीता मिश्रा ने एसपी सिटी मानुष पारीक को बताया कि वह बिहार की मूल निवासी हैं। उनके पति यहां रेलवे में कर्मचारी हैं। उन्होंने सुभाषनगर क्षेत्र के सराय तल्फी ऐहतमाली स्थित जमीन बेचने का सौदा 72,60,000 में प्रियंका यादव से तय किया था। प्रियंका को 26 लाख रुपये अलग-अलग तारीख में दे चुकी हैं। चार अप्रैल को बैनामा के लिए क्रेता व विक्रेता के फोटो जमीन पर खड़े होकर खिंचवाने थे। मौके पर गए तो पता चला कि जमीन पर प्रियंका के किसी अन्य परिजन का कब्जा है। रीता ने इस संबंध में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रीता ने एसपी सिटी से कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी अमित पांडे ने बताया कि जांच जारी है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो