बरेली। जिलाधिकारी संजय कुमार ने शहामतगंज-चौपुला फोरलेन निर्माण में बाधा बन रहा अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए हैं। पीडब्ल्यूडी, वन विभाग, नगर निगम और पावर कारपोरेशन की टीम बृहस्पतिवार को मौके पर जाकर निरीक्षण करेगी। इसके बाद पेड़, बिजली के पोल और अन्य अतिक्रमण हटाने की रूपरेखा बनेगी। डीएम ने पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के एक्सईएन से सौ फुटा रोड का निर्माण 15 अक्टूबर तक पूरा करने को कहा है। पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों की मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में डीएम ने चौपुला-शहामतगंज मार्ग निर्माण की धीमी प्रगति पर असंतोष जताया। इसी दौरान अतिक्रमण का मुद्दा भी उठा। इस दौरान डीएम ने एक्सईएन निर्माण खंड को सौ फुटा रोड निर्माण के काम में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि 15 अक्टूबर तक रोड हैंडओवर हो जानी चाहिए। पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों ने तीन दिन तक रोड के डायवर्जन की बात भी डीएम के सामने रखी।