बरेली। रुद्रपुर डिपो की बस में लावारिस हालत में मिली एक आठ वर्षीय बच्ची को कंडक्टर ने महिला थाने के सुपुर्द कर दिया।
रुद्रपुर डिपो की बस यूके 07-0930 में एक महिला किच्छा से सवार हुई जिसके साथ एक आठ साल की बच्ची भी थी। महिला ने डेढ़ टिकट बनवाया, लेकिन यहां चौपुला चौराहे पर बच्ची को बस में छोड़कर उतर गई। कंडक्टर लाल कुमार ने घबराकर रो रही बच्ची को महिला थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के मुताबिक रेशमा नाम की बच्ची के मुताबिक वह भमोरा के मजनूपुर गांव की है। उसके पिता का नाम अमीर शाह और मां छुटिया है। वह अपने मामा इकबाल के साथ किच्छा गई थी। वहां खो गई। किच्छा में ही मिली एक अनजान महिला उसे अपने घर रखने की बात कहकर ला रही थी। लेकिन रास्ते में उसे छोड़ गई। एसओ महिला थाना रंजना द्विवेदी ने बताया कि रेशमा के घर वालों का पता लगाने के लिए भमोरा पुलिस को सूचना भेजी गई है।