बरेली। सड़क की मरम्मत में देरी होने की वजह से 883 घोड़ा बटालियन रोड का गेट एक दिसंबर से खुलेगा। यूबी एरिया के कमांडेंट कर्नल योगेन्द्र सिंह ने मंगलवार को बताया कि सड़क की मरम्मत का ठेका लेने वाले ठेकेदार ने पहले 24 नवंबर तक काम पूरा करने का दावा किया था, लेकिन किसी कारण काम में देरी होने के बाद अब उसने 30 नवंबर से पहले काम पूरा करने में असमर्थता जता दी है। लिहाजा अब इस गेट को एक दिसंबर से खोला जाएगा। उधर गेट न खुलने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। सेटेलाइट चौराहे से खुर्रम गौंटिया तक यातायात पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद बार-बार जाम लग रहा है।