बरेली। आंधी के दौरान मुंशी नगर में एक लकड़ी की दुकान में आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड करीब आधा घंटे में काबू पा सकी।
डेलापीर मंडी के आगे मुंशी नगर कालोनी है। वहां के रहने वाले इकबाल लकड़ी और बांस की टाल चलाते हैं। शनिवार की रात आंधी के दौरान अचानक टाल के अंदर से आग की लपटें निकलने लगीं, जिससे आसपास के लोग घबरा गए। इसी बीच कुछ लोग आग बुझाने की कोशिश करने लगे। चिनगारियां जाकर गिरने से पड़ोस में पड़े कूड़े के ढेर में आग लग गई। इसका पता लगने पर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं, जिन्होंने करीब आधा घंटे में आग बुझा दी। मगर तब तक आधे से ज्यादा सामान जल गया। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। हालांकि इकबाल का आरोप है कि आग रंजिशन लगाई गई।