लखीमपुर खीरी। नगर क्षेत्र में स्थित परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने ‘शिक्षा दान’ कार्यक्रम शुरू किया है। इसमें सेवानिवृत्त शिक्षक स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को शिक्षा दान करेंगे। नगरीय क्षेत्र के 27 परिषदीय विद्यालयों में सिर्फ 16 नियमित अध्यापक हैं। बीएसए बुद्धप्रिय सिंह ने शिक्षकों की कमी की समस्या को उठाया था। उसके बाद डीएम ने शिक्षा दान के लिए सेवानिवृत्त शिक्षकों से जुड़ने का अनुरोध किया। इस मुहिम में मोहल्ला सरबती देवी कालोनी निवासी रिटायर्ड शिक्षक सोहन लाल गुप्ता ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय ईदगाह में पढ़ाने का कार्य शुरू भी कर दिया है। ग्राम ज्ञानपुर निवासी रिटायर्ड शिक्षक जगदीश प्रसाद गुप्त ने भी सहमति व्यक्त की है। डीएम ने अन्य सेवानिवृत्त शिक्षकों से शिक्षादान अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है।