बरेली। अभी तक लोड के कारण मालगाड़ी के ही इंजन फेल होते थे लेकिन अब नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही राजधानी एक्सप्रेस का इंजन मुरादाबाद के पास फेल हो गया। जंक्शन पर ट्रेन करीब डेढ़ घंटा देरी से पहुंची। इससे अनेक ट्रेन जहां तहां रोक दी गईं। दरअसल राजधानी एक्सप्रेस के संचालन पर रेलवे बोर्ड की मानीटरिंग रहती है। मंगलवार को ट्रेन का इंजन मुरादाबाद के पास खराब हो गया। ड्राइवर किसी तरह से मुरादाबाद स्टेशन तक इंजन लाया, लेकिन सिग्नल डाउन होने पर इंजन का प्रेशर नहीं बना। इंजन खराब की सूचना ड्राइवर ने रेलवे कंट्रोल को दी तो मंडलीय अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। आनन-फानन में दूसरा इंजन लगाने के बाद ट्रेन को डिब्रूगढ़ के लिए रवाना किया गया। इससे जनसाधारण एक्सप्रेस पौने दो घंटे, सियालदह एक्सप्रेस डेढ़ घंटे देरी से जंक्शन पहुंची।